खाकी का ‘ऑपरेशन प्रहार’: काशीपुर में देह व्यापार के नरक से नाबालिग मुक्त, दो महिलाओं सहित चार गिरफ्तार

काशीपुर (उधम सिंह नगर): जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध एसएसपी अजय गणपति के जीरो टॉलरेंस अभियान को बड़ी सफलता मिली है। आईटीआई थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पिछले 10 महीनों से लापता एक नाबालिग लड़की को देह व्यापार के दलदल से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस घिनौने कृत्य में शामिल दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को दबोच कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

मई 2025 से लापता थी पीड़िता, हरियावाला में दी दबिश

​पुलिस के अनुसार, बरामद की गई नाबालिग मई 2025 से लापता चल रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर आईटीआई कोतवाली प्रभारी ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर हरियावाला क्षेत्र में जाहिद नामक व्यक्ति के आवास पर छापेमारी की। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से पीड़िता को मुक्त कराया और गिरोह के सक्रिय सदस्यों— जाहिद, शिवम, शोभा और सोमा को गिरफ्तार कर लिया।

सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि, बीएनएस और पॉक्सो के तहत कार्रवाई

​मामले की जांच में रूह कंपा देने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों ने नाबालिग को बंधक बनाकर रखा था और उससे जबरन अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा था। चिकित्सकीय परीक्षण में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

​”यह ऑपरेशन काशीपुर पुलिस की सजगता का प्रमाण है। नाबालिग को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

स्वप्न किशोर सिंह, एसपी काशीपुर

अन्य संदिग्धों की तलाश जारी

​पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले में कुछ अन्य लोग भी रडार पर हैं, जिनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे समाज में पनप रही ऐसी अनैतिक गतिविधियों की जानकारी निर्भीक होकर पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *