मानवता शर्मसार: तड़पते युवक की मदद के बजाय अंगूठी और मोबाइल ले उड़े ‘गिद्ध’, पुलिस ने दबोचे

हल्द्वानी।सड़क हादसे में दम तोड़ रहे युवक की जान बचाने के बजाय उसकी संपत्ति पर हाथ साफ करने वाले दो ‘कलयुगी’ चोरों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। हल्द्वानी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्र की मदद से उन दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने दुर्घटना के बाद मृतक के वाहन से सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया था।

हादसे के वक्त दिखाया ‘पत्थर दिल’

​पुलिस के मुताबिक, यह संवेदनहीन घटना 28 फरवरी की है। बरेली रोड निवासी गोपाल सिंह बिष्ट के पुत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। जिस वक्त घटनास्थल पर चीख-पुकार मची थी और लोग मदद की कोशिश कर रहे थे, उसी भीड़ का फायदा उठाकर दो युवकों ने मृतक के वाहन में रखा कीमती सामान पार कर दिया। परिजनों को जब इसका पता चला, तो 3 मार्च को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी गई।

एसएसपी की सख्ती, 48 घंटे में खुलासा

​मामले की गंभीरता और मानवता से जुड़े इस संवेदनशील पहलू को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार (5 मार्च) को दो आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:

  • मोहम्मद उवेश उर्फ मुन्ना (26 वर्ष): निवासी गौजाजाली, बनभूलपुरा।
  • मोहम्मद सैफ अली (29 वर्ष): निवासी इन्द्रानगर, बनभूलपुरा।

लगीं गंभीर धाराएं, भेजे गए जेल

​पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया मोबाइल और सोने की अंगूठी बरामद कर ली है। जांच के बाद मुकदमे में BNS की धारा 317(2), 315 और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी जो आपदा में अवसर तलाश कर सामाजिक मूल्यों का कत्ल करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *