
देहरादून/हरिद्वार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज सुबह लगभग 11 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं। उनका स्वागत राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इसके बाद राष्ट्रपति सीधे पतंजलि यूनिवर्सिटी, हरिद्वार के लिए रवाना हुईं, जहाँ वर्तमान में विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह चल रहा है। समारोह में राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी मौजूद हैं।

राष्ट्रपति के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रखा गया है। आज की प्रमुख गतिविधियों में दीक्षांत समारोह में शिरकत के बाद राष्ट्रपति निकेतन, देहरादून के बाहर बने फुट ओवर ब्रिज का दोपहर 1.30 बजे उद्घाटन शामिल है।

दौरे के दूसरे दिन, यानी 3 नवंबर, राष्ट्रपति उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती के अवसर पर देहरादून में उत्तराखंड विधानसभा को संबोधित करेंगी। राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर दो दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया गया है, जिसमें पहले दिन राष्ट्रपति का विधानसभा में संबोधन प्रमुख आकर्षण होगा। इसके बाद राष्ट्रपति नैनीताल के लिए रवाना होंगी और वहां राजभवन की 125वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में भी शामिल होंगी।

दौरे के तीसरे दिन, 4 नवंबर, राष्ट्रपति कैंची धाम स्थित नीम करौली आश्रम का दौरा करेंगी। इसके अलावा, नई दिल्ली लौटने से पहले वह नैनीताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में भी शिरकत करेंगी।
उत्तराखंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा राज्य की शिक्षा, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने के साथ-साथ राज्यवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर साबित होगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 हमारे फ़ेसबुक पेज को लाइक/फॉलो करें


Subscribe Now




