खूनी हुआ क्लब कल्चर: रईसजादों की सनक ने बुझाया सेना के जांबाज का चिराग, ‘जेन जी क्लब’ पर चला प्रशासन का हंटर।

देहरादून: राजधानी में खूनी संघर्ष, अनुशासन की मिसाल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की भेंट चढ़ी निर्दोष जान

देहरादून।उत्तराखंड की शांत वादियों में शुमार राजधानी देहरादून सोमवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। राजपुर थाना क्षेत्र के जोहरी गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज में बढ़ती असहिष्णुता का एक भयावह चेहरा भी पेश किया है। इस #DehradunShooting मामले में सबसे दुखद पहलू यह रहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले एक जांबाज, सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को अपनी जान गंवानी पड़ी।

विवाद की जड़: ओवरटेक नहीं, क्लब का ‘बिल’

​शुरुआती जानकारी में जहां इस घटना को ‘रोड रेज’ या कारों के ओवरटेक से जुड़ा विवाद माना जा रहा था, वहीं अब देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के बयान ने इस मामले में एक बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार, यह पूरा खूनी खेल मसूरी रोड स्थित #GenZClubDehradun के एक मामूली ‘बिल’ विवाद से शुरू हुआ था।

​एसएसपी डोबाल ने स्पष्ट किया कि 29 मार्च की रात कुछ युवक उक्त क्लब में पार्टी कर रहे थे। वहां बिल के भुगतान को लेकर क्लब के स्टाफ और युवकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। यह तकरार इतनी बढ़ गई कि सुबह होते-होते इसने हिंसक मोड़ ले लिया। जैसे ही सुबह करीब 5 बजे क्लब संचालक परिसर बंद कर निकले, विवाद में शामिल युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

सुबह की सैर बनी ब्रिगेडियर के लिए काल

​विवाद का दूसरा अंक जोहरी गांव में शुरू हुआ, जहां दो गुटों (फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो सवार) के बीच जमकर गाली-गलौज और हाथापाई हुई। देखते ही देखते बात गोलीबारी तक जा पहुंची। इसी दौरान, अपनी नियत दिनचर्या के अनुसार सुबह की सैर पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी अनजाने में इस गोलीबारी की चपेट में आ गए। एक बेगुनाह और सम्मानित सैन्य अधिकारी, जो सेवानिवृत्ति के बाद शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे थे, इन उपद्रवियों की आपसी रंजिश में शहीद हो गए। यह घटना #RetiredBrigadierMurder के रूप में पूरे सैन्य समाज और स्थानीय निवासियों में रोष पैदा कर रही है।

पुलिस की सख्त कार्रवाई: ‘जेन जी क्लब’ पर गिरी गाज

​घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। #UttarakhandPolice ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मसूरी रोड स्थित ‘जेन जी क्लब’ को सील कर दिया है। एसएसपी ने जिलाधिकारी #SavimBansalDM को पत्र भेजकर क्लब के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की पुरजोर सिफारिश की है। पुलिस का मानना है कि क्लबों में देर रात तक चलने वाली गतिविधियां और वहां उपजे विवाद शहर की #LawAndOrder (कानून-व्यवस्था) के लिए बड़ी चुनौती बन रहे हैं।

फरार आरोपियों की तलाश और सीसीटीवी साक्ष्य

​सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। फुटेज एक दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो, फॉर्च्यूनर कार का पीछा कर रही है और सरेराह गोलियों की आवाज सुनाई दे रही है।

​वर्तमान में पुलिस ने फॉर्च्यूनर सवार कुछ युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है। हालांकि, स्कॉर्पियो सवार हमलावर अब भी फरार हैं। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने आश्वस्त किया है कि “अपराधी चाहे कोई भी हो, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।”

पर्यटन नगरी में बढ़ता ‘गन्स और क्लब’ कल्चर

​यह #देहरादून_गोलीकांड केवल दो गुटों की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह देवभूमि की शांति भंग करने वाले उस कल्चर की ओर इशारा है, जहां छोटी-छोटी बातों पर हथियार निकल आते हैं। एक सम्मानित ब्रिगेडियर की असमय मृत्यु ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। अब जनता की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वे #JusticeForBrigadier को कितनी जल्दी सुनिश्चित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *