देहरादून।उत्तराखंड की सुरक्षा और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित आवास पर भारतीय सेना के उप सेना प्रमुख (रणनीति) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय संवाद के दौरान सीमावर्ती सुरक्षा, सामरिक प्रबंधन और राज्य के भौगोलिक परिवेश में सेना की भूमिका जैसे अत्यंत संवेदनशील और समसामयिक विषयों पर गहन मंथन किया गया।

पुष्कर सिंह धामी ने चर्चा के दौरान रेखांकित किया कि उत्तराखंड एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है, जहाँ सीमावर्ती सुरक्षा राष्ट्र की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गम क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आपदा प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा के मोर्चों पर भारतीय सेना का योगदान अतुलनीय है। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि नागरिक प्रशासन और सैन्य नेतृत्व के बीच समसामयिक विषयों पर निरंतर संवाद होना राज्य की स्थिरता के लिए आवश्यक है।
मुलाकात में इस बात पर पूर्ण सहमति बनी कि उत्तराखंड की विषम परिस्थितियों में भारतीय सेना और राज्य सरकार के बीच का रणनीतिक समन्वय ही विकास की नई गाथा लिखेगा। पुष्कर सिंह धामी ने अटूट विश्वास जताया कि भविष्य में सेना के साथ यह प्रगाढ़ सामंजस्य राज्य की आधारभूत संरचना को मजबूती प्रदान करेगा और सीमावर्ती सुरक्षा के चक्र को अभेद्य बनाएगा। यह भेंट केवल एक शिष्टाचार मात्र न होकर, राज्य की सुरक्षा और प्रगति के लिए एक साझा संकल्प के रूप में उभरी है।
