देहरादून। उत्तराखण्ड STF ने चारधाम यात्रा 2026 से पहले हेली बुकिंग फ्रॉड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया और 180 फर्जी लिंक ब्लॉक कर दिए।
उत्तराखण्ड में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए STF पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर बढ़ रही साइबर ठगी को देखते हुए पुलिस ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। इस अभियान को STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में गठित “सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं एक्शन टीम” अंजाम दे रही है, जो 24×7 ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही है।
फर्जी लिंक और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर बड़ा प्रहार
STF की जांच में सामने आया कि कई साइबर अपराधी फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट और अन्य प्लेटफॉर्म्स के जरिए हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग के नाम पर लोगों को ठग रहे थे। इन फर्जी लिंक के जरिए श्रद्धालुओं से एडवांस पेमेंट लेकर उन्हें ठगी का शिकार बनाया जा रहा था।
कार्रवाई करते हुए STF ने अब तक 180 ऐसे फर्जी लिंक को टेकडाउन कराया है। साथ ही 52 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक कराने के लिए दूरसंचार विभाग (DoT) को भी अनुरोध भेजा गया है।
10 फर्जी वेबसाइट्स भी की गईं बंद
साइबर ठगों ने सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, बल्कि फर्जी वेबसाइट्स बनाकर भी लोगों को निशाना बनाया। STF ने ऐसी 10 संदिग्ध वेबसाइट्स को चिन्हित कर डोमेन रजिस्ट्रार के माध्यम से निष्क्रिय करवा दिया है। ये वेबसाइट्स बिल्कुल असली बुकिंग पोर्टल जैसी दिखती थीं, जिससे लोग आसानी से भ्रमित हो जाते थे।
संगठित साइबर गिरोह पर कसा शिकंजा
इस पूरे मामले में STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित साइबर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 147 लिंक संचालकों और 27 फर्जी मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ा प्रहार मानी जा रही है।
ऐसे करें सुरक्षित हेलीकॉप्टर बुकिंग
STF ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म के जरिए ही हेलीकॉप्टर बुकिंग करें। सुरक्षित बुकिंग के लिए ये विकल्प अपनाएं:
आधिकारिक वेबसाइट: www.heliyatra.irctc.co.in�
व्हाट्सएप रजिस्ट्रेशन के लिए:
नंबर सेव करें: +91-8394833833
“Yatra” लिखकर मैसेज भेजें
चैटबॉट के निर्देशों का पालन करें और आवश्यक जानकारी अपलोड करें।
सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा
STF ने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी अनजान लिंक, वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापन पर भरोसा न करें। खासकर सस्ते टिकट या तुरंत बुकिंग के लालच में आकर भुगतान करना खतरनाक हो सकता है।
अगर किसी को भी ठगी का संदेह हो या साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाए, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही STF
STF ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है। चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल निगरानी लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
