
पौड़ी।पहाड़ में मानव–वन्यजीव संघर्ष दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है। शहर से लगे ग्रामीण इलाकों में गुलदार के बढ़ते हमलों से लोग पहले ही दहशत में थे कि मंगलवार को कोट ब्लॉक के देवार गांव में एक और भयावह घटना सामने आ गई। आंगनबाड़ी से लौट रहे 4 वर्षीय मासूम अनमोल पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। परिजनों और साथ चल रहे ग्रामीणों की सतर्कता ने बड़ा हादसा टाल दिया और बच्चे को बचा लिया गया।
घटना दोपहर की बताई जा रही है, जब अनमोल अपनी मां और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ घर लौट रहा था। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, घात लगाए बैठे गुलदार ने बच्चे पर झपट्टा मार दिया। महिला और ग्रामीणों के चिल्लाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। बच्चे के सिर पर गंभीर घाव आए हैं। उसे तुरंत जिला अस्पताल पौड़ी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत सामान्य बताई जा रही है।
पहले भी ले चुका है जान, कई हमले कर चुका है गुलदार
देवार गांव ही नहीं, पूरा पौड़ी क्षेत्र पिछले कई महीनों से गुलदार के आतंक से जूझ रहा है।कुछ दिन पहले कोटी गांव में एक महिला की गुलदार ने जान ले ली थी।डोभाल ढांडरी में भी एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किया गया था।
इन घटनाओं ने ग्रामीणों के मन में भय और वन विभाग के प्रति नाराजगी दोनों ही बढ़ा दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों और मांगों के बावजूद न तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए और न ही गुलदार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए।
ग्रामीणों में रोष: “सरकार जागे, नहीं तो हालात और बिगड़ेंगे”
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि वन्यजीवों के बढ़ते हमलों पर रोक नहीं लगाई गई, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने कहा—
पहाड़ में रहना दिन-ब-दिन जोखिम भरा होता जा रहा है,बच्चे, महिलाएँ और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने से डरते हैं,वन विभाग केवल कागजी कार्रवाई कर रहा है।
वन विभाग अलर्ट, गश्त बढ़ाई: SDO आयशा बिष्ट
गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया है।
क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है,गांव में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा,लोगों को बचाव और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।
फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 हमारे फ़ेसबुक पेज को लाइक/फॉलो करें


Subscribe Now




