
बेहतर कर-अनुपालन और सुगम प्रक्रियाओं पर खुली चर्चा, रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की रही प्रमुख भागीदारी
हल्द्वानी/लखनऊ।कुमाऊँ मंडल में करदाताओं और आयकर विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, यूपी पूर्वी लखनऊ, अमल पुष्प ने आज हितधारकों एवं टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

इस विशेष बैठक में कर-अनुपालन बढ़ाने, आयकर से जुड़ी प्रक्रियाओं को और पारदर्शी बनाने तथा मौजूदा चुनौतियों को समझने पर व्यापक चर्चा हुई। टैक्स प्रोफेशनल्स ने आयकर रिटर्न, नोटिस, मूल्यांकन प्रक्रिया, पोर्टल की तकनीकी समस्याओं और करदाताओं द्वारा झेली जाने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को विस्तार से रखा।
अमल पुष्प ने आश्वस्त किया कि विभाग करदाताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग का उद्देश्य “सरल, पारदर्शी और करदाता-हितैषी कर प्रणाली” उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग सकारात्मक सुझावों को न केवल सुनेगा, बल्कि उन पर प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित करेगा।
विभागीय अधिकारियों ने हालिया सुधारों, डिजिटल सेवाओं और प्रक्रियाओं को और सुगम बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी साझा की।
रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की सक्रिय उपस्थिति
संवाद में रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की सहभागिता उल्लेखनीय रही। उपस्थित प्रतिनिधियों में अध्यक्ष पूरन चंद्र पांडे, उपाध्यक्ष प्रबल बंसल और फिरोज़ अंसारी, उपसचिव मनु अग्रवाल, सदस्य भोपाल सिंह, मनोज बिष्ट व शोभित अग्रवाल शामिल रहे। इसके अतिरिक्त सीए हर्ष मित्तल ने भी सीए एसोसिएशन की ओर से महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
बैठक में आयकर रिफंड, अपील प्रक्रिया, पोर्टल की दिक्कतों एवं करदाताओं को सरल सेवाएँ उपलब्ध कराने से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। विभाग ने इन सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
यह संवाद कार्यक्रम करदाताओं और विभाग के बीच विश्वास मजबूत करने, कर-अनुपालन को बढ़ावा देने और बेहतर कर-प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 हमारे फ़ेसबुक पेज को लाइक/फॉलो करें


Subscribe Now




