
राज्य के भविष्य और क्षेत्रीय एकता को लेकर बनेगी साझा रणनीति
रामनगर।राज्य की जनभावनाओं और समान विचारधारा वाले संगठनों को एक मंच पर लाने की पहल “मिशन उत्तराखंड 2027” अब निर्णायक चरण में पहुँचने जा रही है। इसी क्रम में आगामी 15 और 16 नवंबर (रविवार) को बागेश्वर में विभिन्न क्षेत्रीय संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
यह जानकारी मिशन उत्तराखंड 2027 संयोजन समिति के सदस्य एवं उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी ने दी। उन्होंने बताया कि इस मिशन का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की अवधारणा और क्षेत्रीय हितों से जुड़े संगठनों को एक साझा मोर्चे में संगठित करना है।
प्रभात ध्यानी ने कहा कि इससे पूर्व रामनगर में भी एक बैठक आयोजित की जा चुकी है, और बागेश्वर की बैठक में ‘मिशन उत्तराखंड 2027’ तथा ‘उत्तराखंड @25 वर्ष’ के लक्ष्य को लेकर आंदोलन की रूपरेखा और रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने बताया कि संघर्ष वहिनी बागेश्वर के संयोजक कवि जोशी और रमेश कृषक बैठक की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
अंत में, प्रभात ध्यानी ने सभी जनपक्षधर संगठनों और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक बैठक में शामिल होकर एक सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 हमारे फ़ेसबुक पेज को लाइक/फॉलो करें


Subscribe Now




