
उत्तरकाशी।उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तरकाशी और चमोली जिलों में कई राष्ट्रीय राजमार्ग व आंतरिक मार्ग भारी मलबे और पत्थरों से बाधित हो गए हैं। सबसे बड़ी चिंता का विषय बने स्याना चट्टी से राहत की खबर आई है, जहां यमुना नदी पर बनी झील का जलस्तर घट गया है। इससे स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि सुरक्षा कारणों से मोटर पुल पर आवाजाही अभी भी रोक दी गई है।

कई मार्ग बाधित
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सेलंग के पास मलबे से अवरुद्ध है।गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डबरानी के पास बंद पड़ा है।यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर झर्जर गाड़, जंगलचट्टी, बनास, नारदचट्टी, कल्याणी, हरेती और फेडी के पास मलबा और पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित है।एनएच की टीमें लगातार मार्ग खोलने के प्रयास में जुटी हुई हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून और उत्तरकाशी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा।
कुछ मार्ग खुले
इस बीच बड़कोट–डामटा–विकासनगर मार्ग, उत्तरकाशी–सुवाखोली–देहरादून मार्ग और उत्तरकाशी–लंबगांव मार्ग यातायात के लिए सुचारू बने हुए हैं।
रिपोर्ट:कीर्ति निधि सजवान, उत्तरकाशी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 हमारे फ़ेसबुक पेज को लाइक/फॉलो करें


Subscribe Now



