
उत्तरकाशी। भारी बारिश के बाद उत्तरकाशी जिले में मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गंगा घाटी के बाद अब यमुना घाटी में भी संकट खड़ा हो गया है। स्यानाचट्टी इलाके में खड्ड से आए मलबे और तेज़ पानी ने यमुना नदी का रास्ता रोक दिया, जिससे नदी पर अस्थायी झील बन गई है।
झील बनने की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने एहतियातन आसपास के घरों और होटलों को तुरंत खाली कराया और लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि झील को सुरक्षित रूप से खोलने के लिए NDRF की टीम वोट के साथ मौके पर पहुँच चुकी है, जबकि SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। राहत एवं बचाव दल हर ज़रूरी संसाधन के साथ तैनात है और संभावना है कि बहुत जल्द ही झील को नियंत्रित तरीके से खोल दिया जाएगा।
जैसे ही स्यानाचट्टी में झील बनने की सूचना मिली, DM प्रशांत आर्य तुरंत आपदा स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुँचे और अधिकारियों को ज़रूरी निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम मुक्ता मिश्र, आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाई समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
रिपोर्ट:कीर्ति निधि सजवान,उत्तरकाशी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 हमारे फ़ेसबुक पेज को लाइक/फॉलो करें







