
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के थारी क्षेत्र में एक विवादित भूमि मामले ने प्रशासन की नींद उड़ा दी। कंदला गांव में महिला पटवारी पूनम और कानूनगो हरीश यादव के साथ कथित तौर पर अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन की नाप जोख के दौरान एक परिवार ने सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए और टीम के साथ जान से मारने की धमकी दी।
भूमि विवाद में हंगामा:
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब राजस्व टीम भूमि नापजोख के लिए कंदला गांव पहुंची थी। विवाद उस महिला की भूमि पर कब्जा को लेकर चल रहा था। इसी दौरान कथित रूप से आरोपी परिवार ने नापजोख रुकवाने के इरादे से हंगामा खड़ा कर दिया।
राजस्व कार्य बाधित, प्रशासन में हड़कंप:
हंगामे के कारण नापजोख अधूरी रह गई। घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर प्रशासन में हड़कंप मच गया। उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी और कानूनगो व पटवारी को तुरंत तहरीर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
प्रमोद कुमार, उपजिलाधिकारी, रामनगर:
“मामला संज्ञान में आया है। राजस्व निरीक्षक और पटवारी के साथ अभद्रता की गई है। सरकारी दस्तावेज फाड़े गए हैं, यह गंभीर अपराध है। आरोपी पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।”
सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन:
एसडीएम ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालना, दस्तावेज नष्ट करना और राजस्व कर्मियों के साथ अभद्रता करना दंडनीय अपराध है। प्रशासन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।
राजस्व कर्मचारियों में रोष:
इस घटना ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों में चिंता और रोष बढ़ा दिया है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि टीम सुरक्षित माहौल में अपना कार्य कर सके। कंदला गांव की यह घटना एक बार फिर विवादित भूमि मामलों में राजस्व कर्मियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 हमारे फ़ेसबुक पेज को लाइक/फॉलो करें


Subscribe Now




