रुद्रपुर में परिवहन विभाग का चाबुक: 2 दिवसीय अभियान में 343 चालान, 53 वाहन सीज
रुद्रपुर: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए परिवहन विभाग ने रुद्रपुर में दो दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। RTO हल्द्वानी के निर्देशों पर ARTO रुद्रपुर नवीन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस चेकिंग अभियान से नियम तोड़ने वाले चालकों में हड़कंप मचा रहा। टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर कुल 343 वाहनों के चालान काटे, जबकि गंभीर कमियां पाए जाने पर 53 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया।
बिना लाइसेंस और फिटनेस के सड़कों पर दौड़ रहे थे वाहन
अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों और तकनीकी स्थिति की धज्जियां उड़ाते दर्जनों वाहन पकड़े गए। चेकिंग में बिना फिटनेस के दौड़ रहे 39 और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे 46 चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। वहीं, हादसों का सबब बनने वाले बिना रिफ्लेक्टिव टेप के 24 और गलत लेन में चल रहे 14 वाहनों को भी चालान थमाया गया।
ओवरलोडिंग और ड्रंक एंड ड्राइव पर कसता शिकंजा
मालवाहक और यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक लोड और अवैध संचालन पर भी विभाग ने कड़ी कार्रवाई की:
- ओवरलोडिंग व अवैध लोड: क्षमता से अधिक भार ढोने वाले 39 और खतरनाक तरीके से बाहर निकला लोड ले जाने वाले 37 मामले पकड़े गए।
- परमिट व सवारी: बिना परमिट के चल रहे 16 वाहनों, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 6 और मालवाहकों में अवैध सवारी ढोने वाले 2 वाहनों पर कार्रवाई हुई।
- ड्रंक एंड ड्राइव व मोडिफिकेशन: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 5 चालकों को धारा 185 के तहत दबोचा गया, जबकि वाहनों में अवैध बदलाव (मोडिफिकेशन) कराने वाले 13 स्वामियों के चालान काटे गए। इसके अलावा अन्य उल्लंघनों के 215 मामले दर्ज किए गए।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई: ARTO
ARTO नवीन सिंह ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बिना फिटनेस, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग और नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपने कागजात दुरुस्त रखने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।