देहरादून में खौफनाक वारदात: पत्नी और प्रेमी ने रची खूनी साजिश, शराब पिलाकर जंगल में उतारा मौत के घाट
देहरादून:उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मांडुवाला के जंगलों में मिले एक व्यक्ति के शव की गुत्थी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। जिस पति की हत्या हुई, उसकी साजिश किसी और ने नहीं बल्कि उसकी अपनी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
डॉल्फिन कॉलेज के पास खाई में मिला था शव
घटना की शुरुआत तब हुई जब प्रेमनगर पुलिस को मांडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब छानबीन की तो मृतक की पहचान 38 वर्षीय मदन मुखिया के रूप में हुई। मदन मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला था और वर्तमान में झाझरा के मांडुवाला में रहकर मजदूरी करता था।
पुलिस को प्रथम दृष्टया ही मामला हत्या का लगा, क्योंकि मृतक के गले पर किसी धारदार हथियार से गहरे वार के निशान थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशों पर तुरंत कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिला सुराग
हत्यारों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को अलर्ट पर रखा गया। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मांडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा नाम के एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में लल्लन टूट गया और उसने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। लल्लन के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी मीना को भी प्रेमनगर क्षेत्र से धर दबोचा।
तीन साल से चल रहा था गुप्त प्रेम प्रसंग
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लल्लन शर्मा भी बिहार का ही निवासी है और मांडूवाला में किराए पर रहकर मजदूरी का काम करता है। पिछले करीब तीन सालों से लल्लन और मदन की पत्नी मीना के बीच अवैध संबंध चल रहे थे। दोनों ने अपने इस रिश्ते को बेहद छुपाकर रखा था और किसी को भी इसकी भनक तक नहीं लगने दी थी।
मोबाइल की तस्वीरों ने खोल दिया राज
दोनों के इस गुप्त रिश्ते का पर्दाफाश वारदात से महज दो दिन पहले हुआ। मांडूवाला में एक निर्माण कार्य के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल फोन देख लिया। मोबाइल में मदन को अपनी पत्नी और लल्लन के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिल गए। इस बात से नाराज मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके इस अवैध संबंध का सच परिवार व समाज के सामने उजागर करने की धमकी दी।
शराब पिलाकर जंगल में वारदात को दिया अंजाम
पोल खुलने और समाज में बदनामी के डर से लल्लन और मीना घबरा गए। दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली। योजना के अनुसार, मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे सुनसान जंगल में ले गई।
जब मदन अत्यधिक नशे की हालत में आ गया, तब लल्लन भी वहां पहुंच गया। दोनों ने मिलकर धारदार चाकू से मदन के गले पर ताबड़तोड़ वार किए और उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से उन्होंने शव को जंगल की गहरी खाई में फेंक दिया और खून से सने चाकू को पास की झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है और दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।