- प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जायेगा : मुख्यमंत्री
- अभियान के तहत नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
- विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में प्रत्येक देशवासी की महत्वपूर्ण भूमिका
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अभियान के अंतर्गत 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव और लाभार्थियों की कहानियों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के केंद्र, गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, गंगा तट आदि पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक कार्यक्रम किए जाएंगे। नए मेडिकल कॉलेज, बांध/पुल, अमृत सरोवर, जन औषधि केंद्र जैसे स्थलों पर भी सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता रहेगी।
‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों में ‘विकसित भारत’ के संकल्प तथा 25 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चयनित चित्र विद्यालयों में प्रदर्शित किए जाएंगे।
‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के माध्यम से देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाएगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से गतिविधियां होंगी, जिसमें मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण तथा मातृ-शिशु कल्याण पर विशेष जोर रहेगा।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत प्रमुख चौराहे पर कलश की स्थापना प्रस्तावित है, जिसके साथ साइकिल एवं बाइक यात्रा का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा : मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, शिक्षण कार्य तथा अन्य गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जन-जन के द्वार कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ में रंगोली के माध्यम से दृष्टिकोण प्रदर्शित होगा। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत IITs, IIMs एवं विशेषज्ञों को जोड़कर वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान और नवाचारों को संरक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को हर जिले में विस्तृत रूप से मनाया जाएगा, जिसमें जिलों के प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरे देश ने विकसित भारत का संकल्प लिया है और 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के संकल्प को जन समर्थन से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।