देहरादून में महिला जन आक्रोश रैली, पुष्कर सिंह धामी ने नारी शक्ति के अधिकारों पर विपक्ष को घेरा


देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में महिला जन आक्रोश रैली में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं के साथ परेड ग्राउंड से घंटाघर तक जन आक्रोश पदयात्रा में भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मातृशक्ति को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनका अधिकार दिलाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया था, लेकिन लोकसभा में संख्या बल के कारण बिल पारित नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने षड्यंत्र कर नारी शक्ति के अधिकारों को रोकने का काम किया है। उनका कहना था कि देश की महिलाएं अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगी, क्योंकि अब वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश की आधी आबादी को उसका हक दिलाने के प्रयास को विपक्ष ने लोकसभा में विफल कर देश के साथ गलत किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मातृशक्ति को नए भारत के निर्माण का आधार माना है और महिलाओं को सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना और जन धन योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है।

स्टार्टअप योजना से महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है, जबकि लखपति दीदी योजना से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया है। साथ ही ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त कर महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से देश के हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। आदिवासी समाज की बेटी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंची है। निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय जैसा महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके अलावा ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, रेनू बिष्ट, रुचि भट्ट, दीप्ति रावत, नेहा जोशी, हिमानी, रश्मि रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *