उत्तरकाशी (मोरी) — उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड की फतेहपर्वत पट्टी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार शाम खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग पर ग्रामीणों से भरी एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयावह दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिससे राहत कार्य और सूचना के आदान-प्रदान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जागड़ा मेले से खुशियां मनाकर लौट रहे थे ग्रामीण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोरी के हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण मंगलवार को खन्यासणी में आयोजित पारंपरिक जागड़ा मेले में शामिल होने गए थे। दिनभर मेले के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में भाग लेने के बाद शाम को सभी ग्रामीण बोलेरो कैंपर वाहन (संख्या UK 07 C 5821) में सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे।
शाम करीब 7 बजे जब वाहन खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच पहुंचा, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। चीख-पुकार सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
बारिश और अंधेरे के बीच ग्रामीणों ने शुरू किया देवदूत बनकर रेस्क्यू
हादसे के समय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी और नेटवर्क पूरी तरह ठप था। प्रशासन तक सूचना पहुंचने में देरी होते देख स्थानीय ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए खुद ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने बेहद मशक्कत के बाद खाई में फंसे घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मोरी पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन कई लोगों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है।

हादसे में 52 वर्षीय ग्रामीण की मौत
इस दुर्घटना में हड़वाड़ी गांव निवासी 52 वर्षीय उपेंद्र सिंह पुत्र बेगा सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। उनकी मौत से हड़वाड़ी और आसपास के गांवों में मातम पसर गया है।
घायलों की सूची:
- मस्तू (45 वर्ष), पुत्र जीवा सिंह, निवासी- हड़वाड़ी, मोरी
- अरविंद्र सिंह (23 वर्ष), पुत्र जयपाल सिंह, निवासी- बरी, मोरी
- रमेश (40 वर्ष), पुत्र चंदर सिंह, निवासी- बरी, मोरी
- राधा (28 वर्ष), पत्नी अनिल, निवासी- पुजेली, मोरी
- साइकिलू (35 वर्ष), पुत्र अमरू, निवासी- हड़वाड़ी, मोरी
- जगमोहन (50 वर्ष), पुत्र राम सिंह, निवासी- हड़वाड़ी, मोरी
- शिशपाली (32 वर्ष), पत्नी साइकिलू, निवासी- हड़वाड़ी, मोरी
- माधी देवी (35 वर्ष), पत्नी हरिलाल, निवासी- पुजेली, मोरी
- अनिल (वाहन चालक)
- केदार (60 वर्ष), पुत्र जड़ियान सिंह, निवासी- हड़वाड़ी, मोरी
- योगेश

खस्ताहाल सड़क और बदहाल नेटवर्क को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना की सूचना मिलने पर मोरी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। उधर, इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर और खस्ताहाल स्थिति में है। बारिश के मौसम में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जानलेवा फिसलन हो जाती है, जिससे रोजाना हादसों का खतरा बना रहता है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इसके अलावा, क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क न होने से आपात स्थिति में मदद मिलने में भी देरी हुई। ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा मानकों को दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
रिपोर्ट: कीर्ति निधि सजवान, उत्तरकाशी।