श्रीनगर/कीर्तिनगर: उत्तराखंड के टिहरी और पौड़ी गढ़वाल को जोड़ने वाले कीर्तिनगर पुल पर आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मॉर्निंग वॉक के समय एक 35 वर्षीय महिला ने अचानक अलकनंदा नदी के तेज बहाव में छलांग लगा दी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस प्रशासन बचाव कार्य में जुटा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बहते हुए देखा
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। उस समय पुल पर कई लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। राहगीरों ने बताया कि महिला ने अचानक रेलिंग पार कर नदी में छलांग लगा दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते और उसे रोकने की कोशिश करते, तब तक महिला नदी की उफनती लहरों के बीच समा गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस चौकी को दी।

SDRF का सघन सर्च ऑपरेशन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ इंस्पेक्टर मंजरी नेगी ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला को काफी दूर तक पानी के बहाव के साथ बहते हुए देखा था, जिसके आधार पर संभावित स्थानों और नदी के तटवर्ती इलाकों में जाल बिछाकर तलाश की जा रही है। हालांकि, कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
महिला की पहचान और पुलिस जांच
नदी में कूदने वाली महिला की पहचान 35 वर्षीय रचना बमराड़ा के रूप में हुई है, जो पौड़ी गढ़वाल के बिल्केदार क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। कीर्तिनगर पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। पुलिस ने बताया कि रचना शादीशुदा थी और उसके पति सुभाष बमराड़ा पेशे से शिक्षक (टीचर) हैं।

पुलिस ने रचना के पति को मौके पर बुला लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया। क्या यह कोई मानसिक तनाव का मामला था या पारिवारिक विवाद, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

श्रीनगर पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
चूंकि महिला पौड़ी गढ़वाल की निवासी है और घटना टिहरी-पौड़ी सीमा पर हुई है, इसलिए मामले की आगामी वैधानिक कार्रवाई श्रीनगर पुलिस द्वारा की जाएगी। श्रीनगर पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में उनकी प्राथमिकता महिला को तलाशना है। एसडीआरएफ की टीमें नाव और गोताखोरों की मदद से अलकनंदा की गहराई खंगाल रही हैं। महिला के मिलने के बाद ही मामले में अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
