रुद्रपुर। शहर में शांति व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अराजक तत्वों ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। होली के बाद से शहर की सड़कों पर जैसे कानून का खौफ खत्म हो गया है। इंदिरा कॉलोनी में छात्र पर फायरिंग की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि बृहस्पतिवार रात भूरारानी रोड गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठी।
यहाँ बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने चलती कार पर जानलेवा हमला करते हुए फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि कार चालक राकेश की किस्मत अच्छी थी और गोली शीशा तोड़ती हुई निकल गई। पीड़ित का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, जो इस घटना को और भी खौफनाक बनाता है। पुलिस अब CCTV फुटेज के सहारे हमलावरों की तलाश में जुटी है।
