रुद्रप्रयाग के होटल में महिला की संदिग्ध मौत, साथ आए दो युवक फरार

रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में ठहरी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस इस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या से जोड़कर देख रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार रात हरियाणा से आए दो युवक और एक महिला रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार के एक होटल में रुके थे। शनिवार सुबह दोनों युवक होटल स्वामी को यह कहकर बाहर निकले कि वे कुछ देर में चाबी लेकर लौट आएंगे। लेकिन जब देर शाम तक दोनों वापस नहीं पहुंचे, तो होटल स्वामी को संदेह हुआ।

​खिड़की से कमरे के भीतर झांकने पर महिला संदिग्ध अवस्था में फर्श पर गिरी दिखाई दी। इसकी सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की, जहां महिला मृत पाई गई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार महिला के साथ आए दोनों युवक सुबह से ही फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि मामला पहली नजर में हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। देर रात तक पुलिस टीम घटनाक्रम की गहन पड़ताल में जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *