आधी रात हाईवे पर मची चीख-पुकार, सीएनजी सिलेंडर फटने से बढ़ी आग की लपटें; 15 घायल
हरिद्वार। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रविवार की रात उस समय काला साया बनकर टूटी, जब मोतीचूर फ्लाईओवर पर चार वाहन आपस में टकरा गए। भीषण भिड़ंत के बाद वाहनों में लगी आग ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस दर्दनाक हादसे में बिजनौर निवासी एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चों सहित 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिलेंडर फटा और देखते ही देखते खाक हो गई बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि वाहनों की टक्कर होते ही एक एसयूवी का सीएनजी सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। आग ने देखते ही देखते उत्तराखंड परिवहन निगम की बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही मंजर देख लोगों की रूह कांप गई। सूचना मिलते ही हरिद्वार के मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन भारी जाम के चलते रेस्क्यू टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
झंडा मेले से लौट रहे थे श्रद्धालु, खुशियां मातम में बदलीं
हादसे का शिकार हुए अधिकांश लोग उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के निवासी हैं, जो देहरादून में झंडा मेले के दर्शन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी ट्रॉली, एक ट्रक, एसयूवी कार और बस के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कुसुम (30 वर्ष) पत्नी सचिन निवासी भोगपुर, बिजनौर की मौके पर ही मौत हो गई।
9 किलोमीटर लंबा जाम, एम्बुलेंस के सायरन से गूंजा हाईवे
घटना के बाद हाईवे के दोनों ओर करीब 9 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घायलों को अस्पताल पहुँचाने के लिए एक के बाद एक 15 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रेस्क्यू कर हरमिलाप अस्पताल पहुँचाया।
हादसे का शिकार: एक नज़र में
मृतक का विवरण:
- कुसुम (30 वर्ष): पत्नी सचिन, निवासी- भोगपुर, नजीबाबाद, जिला बिजनौर (यू.पी.)।
घायलों की सूची (अस्पताल में भर्ती):
- कासिफ (23 वर्ष): ट्राला चालक, निवासी- कांधला, शामली।
- सुभाष (40 वर्ष): निवासी- नांगल सुक्ती, बिजनौर।
- विक्की (28 वर्ष): निवासी- भोगपुर, नजीबाबाद।
- आरव (06 वर्ष): पुत्र विक्की, निवासी- भोगपुर।
- लवी (19 वर्ष): निवासी- रानी कोटा, नजीबाबाद।
- नीतू (35 वर्ष): निवासी- रानी कोटा, नजीबाबाद।
- सोनिया (12 वर्ष): निवासी- भोगपुर, बिजनौर।
- अंशिका (06 वर्ष): निवासी- भोगपुर, बिजनौर।
- दिव्यांशु (08 वर्ष): निवासी- भोगपुर, बिजनौर।
- अनमोल (25 वर्ष): निवासी- मनाली धामपुर, बिजनौर।
- सोनाक्षी (09 वर्ष): निवासी- भोगपुर, बिजनौर।
- हर्ष (07 वर्ष): निवासी- निरंजनपुर, बिजनौर।
- वंशिका (19 वर्ष): निवासी- भोगपुर, बिजनौर।
- सिमरन (16 वर्ष): निवासी- भोगपुर, बिजनौर।
- गुलशन (11 वर्ष): निवासी- तितीसोता, बिजनौर।
दर्शन कर लौट रहे थे सभी
पुलिस के अनुसार, सभी घायल और मृतक अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर देहरादून के प्रसिद्ध झंडा मेले से मत्था टेककर वापस बिजनौर लौट रहे थे। तभी मोतीचूर फ्लाईओवर पर यह अनहोनी हो गई। प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
