बारिश के बीच देहरादून पहुंचे राहुल गांधी: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले दिवंगत नेता अमर मेहता के घर जाकर जताया शोक, एयरपोर्ट पर लगा दिग्गजों का तांता
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता और लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी उत्तराखंड के युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करने के लिए राज्य की राजधानी देहरादून पहुंच चुके हैं। वे यहाँ बहुप्रतीक्षित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत युवाओं की आवाज बुलंद करेंगे। हालांकि, देहरादून पहुँचते ही राहुल गांधी ने राजनीतिक औपचारिकता से ऊपर उठकर सबसे पहले इंसानियत और पार्टी के प्रति निष्ठा की मिसाल पेश की। वे सीधे अपनी ही पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता अमर मेहता के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उमड़ा कांग्रेस दिग्गजों का हुजूम
इससे पहले, राहुल गांधी का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। अपने प्रिय नेता की अगवानी के लिए उत्तराखंड कांग्रेस के तमाम शीर्ष नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे थे। हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही समर्थकों ने राहुल गांधी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
स्वागत की कमान उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष (PCC Chief) गणेश गोदियाल ने संभाली, जिन्होंने राहुल गांधी को भगवान बदरीनाथ जी की पारंपरिक ‘भोजपत्र की माला’ भेंट की। इसके बाद उत्तराखंड कांग्रेस के कद्दावर नेता प्रीतम सिंह ने राहुल को बुके देकर उनका स्वागत किया।

इस दौरान स्वागत करने वालों में कई प्रमुख चेहरे नजर आए:
- काजी निजामुद्दीन (AICC प्रभारी): राहुल गांधी ने इनसे हाथ मिलाया और विशेष तवज्जो दी।
- करन माहरा (पूर्व पीसीसी चीफ): इन्होंने भी राहुल गांधी को पारंपरिक भोजपत्र की माला भेंट की।
- हरक सिंह रावत: हरक सिंह रावत बेहद हंसमुख अंदाज में राहुल गांधी से मिले और भोजपत्र की माला पहनाई।
- प्रकाश जोशी: हाल ही में पश्चिम बंगाल के प्रभारी बनाए गए जोशी ने तिरंगे के रंगों वाली माला राहुल को भेंट की।
- भुवन कापड़ी (उपनेता प्रतिपक्ष): साल 2022 के चुनाव में चंपावत सीट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हराने वाले भुवन कापड़ी ने भी राहुल गांधी से गर्मजोशी से हाथ मिलाया।
इस दौरान एयरपोर्ट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जो उत्तराखंड कांग्रेस में नए उत्साह का संचार कर रही हैं।
राजनीति से पहले संवेदना: दिवंगत अमर मेहता के घर पहुंचे राहुल गांधी
देहरादून पहुंचते ही राहुल गांधी का काफिला सबसे पहले कांग्रेस के दिवंगत नेता अमर मेहता के निवास स्थान पर पहुंचा। बता दें कि अमर मेहता बन्नू स्कूल ग्राउंड में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे थे। बीते दिन (16 जुलाई) तैयारी के दौरान एक भारी लोहे का गार्डर अचानक उनके सिर पर गिर गया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और अस्पताल में इलाज के दौरान उनका दुखद निधन हो गया।
इस दुखद हादसे के कारण राहुल गांधी ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव किया। वे दोपहर 1:30 बजे ही देहरादून पहुंच गए और सीधे पीड़ित परिवार के घर जाकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राहुल गांधी ने दिवंगत अमर मेहता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और मोहन काला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

देहरादून में मूसलाधार बारिश, फिर भी छात्रों का हौसला बुलंद
मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के मुताबिक, राहुल गांधी के कार्यक्रम से ठीक पहले देहरादून में तेज बारिश शुरू हो गई और आसमान में अंधेरा छा गया। इस खराब मौसम के बावजूद बन्नू कॉलेज ग्राउंड में छात्रों का जोश ठंडा नहीं पड़ा। पौड़ी, चमोली और राज्य के अन्य दूर-दराज के जिलों से हजारों छात्र इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
कांग्रेस कमेटी के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए करीब ढाई लाख (2.5 लाख) से अधिक छात्रों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों का कहना है कि वे देश में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों और बेरोजगारी के खिलाफ राहुल गांधी के साथ खड़े हैं।
पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक के बाद शुरू होगा संवाद
कार्यक्रम में हो रही देरी के बीच, राहुल गांधी देहरादून में कांग्रेस पार्लियामेंट्री बोर्ड की एक महत्वपूर्ण बैठक ले रहे हैं। उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि मौसम चाहे कितना भी विपरीत क्यों न हो, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पूरी मजबूती के साथ आयोजित किया जाएगा और राहुल गांधी जल्द ही मंच से छात्रों और युवाओं के साथ सीधा संवाद (Direct Interaction) स्थापित करेंगे।