भूमि विवादों से बचना है तो तुरंत करें यह काम, हल्द्वानी जनसुनवाई में मिला अहम सुझाव
हल्द्वानी।हल्द्वानी के कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जमीन से जुड़े कई मामले सामने आए। इस दौरान जमीन खरीदने वालों को सतर्क करते हुए एक बेहद महत्वपूर्ण सुझाव दिया गया। अक्सर देखा जाता है कि लोग जमीन खरीदने के बाद कई सालों तक उस पर बाउंड्री वॉल (चाहरदीवारी) या मकान का निर्माण नहीं कराते।
कुछ समय बाद जब वे मौके पर पहुंचते हैं, तो जमीन के रकबे में गड़बड़ी या फिर उस पर किसी और का कब्जा मिलता है। ऐसे में सलाह दी गई है कि जमीन खरीदते ही जल्द से जल्द चाहरदीवारी या भवन निर्माण का काम शुरू करा देना चाहिए, ताकि भविष्य में होने वाले बड़े विवादों और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
2000 वर्ग फुट का प्लॉट किसी और को बेचा, जांच के बाद 3 दिन का मिला अल्टीमेटम
जनसुनवाई के दौरान फतेहपुर चारधाम मंदिर क्षेत्र का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। हल्द्वानी निवासी ममता मेहरा ने वर्ष 2015 में फतेहपुर चारधाम मंदिर के पास लगभग 2000 वर्ग फुट का प्लॉट खरीदा था। उस समय जमीन पर बाउंड्री वॉल भी कराई गई थी। लेकिन जब वर्ष 2024 में वह मकान निर्माण के लिए वहां पहुंचीं, तो पता चला कि उनका प्लॉट किसी और को बेच दिया गया है।
जांच करने पर खुलासा हुआ कि विक्रेता ने पूरी जमीन पर प्लॉटिंग करके सारे प्लॉट बेच दिए। यहाँ तक कि कॉलोनी की मुख्य सड़क तक को बेच दिया गया और वहां अब कोई जमीन खाली नहीं बची है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विक्रेता अनिकेत भट्ट को तलब किया गया। आपसी समझौते के बाद विक्रेता को 3 दिन के भीतर पीड़िता को प्लॉट वापस दिलाने का समय दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर जांच में धोखाधड़ी साबित होती है, तो विक्रेता के खिलाफ लैंड फ्रॉड एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।
विजयपुर गांव के मार्ग से हटेगी वन विभाग की आपत्ति, 2 किमी सड़क का काम शुरू करने का आदेश
गौलापार के विजयपुर गांव में सूखी नदी पर काजवे और 2 किलोमीटर सड़क निर्माण की मंजूरी शासन से मिलने के बावजूद काम अटका हुआ था। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट और स्थानीय निवासियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा शुरू किया गया काम वन विभाग की आपत्तियों की वजह से रुक गया है।
इस पर लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया गया। लोक निर्माण विभाग को वन विभाग को सड़क निर्माण के लिए फंड ट्रांसफर करना था। इसके लिए शासन को तुरंत पत्र भेजने का निर्देश दिया गया है। साथ ही वन विभाग को आपत्ति दूर करते हुए विजयपुर गांव की सड़क का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा गया है।
सड़कों के गड्ढा मुक्त होने का जमीनी निरीक्षण करेंगे एसडीएम, लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई
कुमाऊं क्षेत्र की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के दावों की अब धरातल पर जांच होगी। सभी संबंधित उपजिलाधिकारियों (SDMs) को खुद ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंताओं ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि:
- लोनिवि (PWD) सड़कें: हल्द्वानी और अल्मोड़ा क्षेत्र की लगभग 90% सड़कें गड्ढा मुक्त हो चुकी हैं।
- पीएमजीएसवाई (PMGSY): 53% कार्य पूरा।
- काशीपुर नगर निगम: 100% कार्य पूर्ण।
- राष्ट्रीय राजमार्ग (NH): 90% काम पूरा।
- यूयूएसडीबी (UUSDB): 82% काम पूरा।
इसके अलावा हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग और काशीपुर-रामनगर मार्ग पर काम तेजी से जारी है। लेकिन केवल कागजी दावों पर निर्भर न रहकर अफसरों को मौके पर जाकर जांच करने को कहा गया है। यदि सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं मिलीं या काम की गुणवत्ता खराब पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों पर सीधी कार्रवाई तय की जाएगी।
परमिट, ट्रांसफार्मर और प्रमाण पत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान
जनसुनवाई के दौरान अन्य कई नागरिक समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया:
- जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र: रोहित पांडे के प्रमाण पत्र में नाम की गलती का त्वरित सुधार कराया गया।
- बिजली ट्रांसफार्मर: जगदम्बा कॉलोनी के निवासियों की मांग पर नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
- बस परमिट: राजेंद्र प्रसाद लखचौरा की बस के स्थायी परमिट आवेदन पर आरटीओ हल्द्वानी को जांच कर नियमानुसार तुरंत परमिट जारी करने का निर्देश दिया गया।
जनसुनवाई में आए अधिकांश मामलों का दोनों पक्षों की सहमति और नियमानुसार मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।