अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ हरिद्वार की सड़कों पर उतरा आक्रोश, फूंका पुतला

ईरान पर हमले के विरोध में जुटे दर्जनों संगठन; ‘साम्राज्यवाद और फासीवाद’ के खात्मे की उठी हुंकार

हरिद्वार।ईरान पर इजरायली हमले और अमेरिकी हस्तक्षेप के विरोध में धर्मनगरी हरिद्वार के श्रमिक क्षेत्रों में रविवार शाम को भारी आक्रोश देखा गया। इंक़लाबी मजदूर केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन और प्रगतिशील महिला एकता केंद्र सहित विभिन्न जन-संगठनों ने संयुक्त रूप से बीएचईएल खेल भवन से रविदास चौक तक विशाल विरोध जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी साम्राज्यवाद और इजरायली हुकूमत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बाद में उनका पुतला दहन किया।

“निर्दोषों का कत्लेआम बर्दाश्त नहीं”

​प्रदर्शन को संबोधित करते हुए क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के संयोजक नासिर अहमद ने सीधे तौर पर अमेरिका को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “अमेरिका की शह पर इजरायल ने ईरान में खुली गुंडागर्दी की है। ईरान के प्रमुख नेता की हत्या और 50 से अधिक मासूम बच्चों की मौत ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। इसके लिए इजरायल और अमेरिकी शासकों पर हत्या का मुकदमा चलना चाहिए।”

भारत सरकार की नीति पर भी बरसे कार्यकर्ता

​इंक़लाबी मजदूर केंद्र के पंकज कुमार ने केंद्र सरकार के रुख की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार अमेरिका और इजरायल के समक्ष नतमस्तक है। पंकज कुमार ने मांग की कि भारत को तुरंत अमेरिका के साथ की गई सभी अपमानजनक संधियों और समझौतों को रद्द कर देना चाहिए।

दुनिया भर में घिरता अमेरिका

​प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की नीता ने वैश्विक परिदृश्य को साझा करते हुए कहा कि अपनी गिरती साख से बौखलाकर अमेरिका तानाशाही पर उतर आया है। उन्होंने वेनेजुएला के राष्ट्रपति की गिरफ्तारी और ईरान में जारी बमबारी का जिक्र करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों की मौत का सिलसिला अब पूरी दुनिया देख रही है। अमेरिका की जनता भी अब अपनी सरकार की इन युद्धोन्मादी नीतियों के खिलाफ खड़ी हो गई है।

“जब तक पूंजीवाद और साम्राज्यवाद रहेगा, दुनिया में अन्यायपूर्ण युद्ध होते रहेंगे। युद्धों से मुक्ति केवल ‘मजदूर राज’ और समाजवाद में ही संभव है।”

प्रदर्शन के दौरान गूंजा साझा नारा

प्रमुख उपस्थिति:

जुलूस में मुख्य रूप से नासिर अहमद, पंकज कुमार, नीता, भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष राजकिशोर, किर्बी श्रमिक कमेटी के कृष्ण मुरारी, विजेंद्र, नरेश कुमार और प्रगतिशील भोजनमाता संगठन की रजनी सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *