रामनगर (नैनीताल):उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रामनगर इलाके के मालधन जंगल में देर रात पुलिस और लंबे समय से फरार चल रहे वांटेड अपराधी चंदन सागर के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में गोली बदमाश के पैर में जा लगी, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

दबिश देने पहुंची टीम पर दागीं गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर के शिवलालपुर निवासी चंदन सागर लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और कई संगीन मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी क्षेत्र में ही कहीं छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस की एक विशेष टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची।
पुलिस की आहट पाते ही शातिर बदमाश हाथीडांगर वन विभाग चेक पोस्ट की ओर भागा और मालधन के 64 नंबर गेट के घने जंगल में जाकर छिप गया। पुलिस टीम ने जब जंगल में उसकी तलाश शुरू की, तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों और उनके वाहनों को निशाना बनाते हुए सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
जंगल में तीन राउंड फायरिंग, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
अपनी जान की परवाह न करते हुए जब पुलिसकर्मियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो चंदन सागर ने करीब तीन राउंड फायर किए। इस गोलीबारी में पुलिस का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
कंट्रोल रूम से मैसेज फ्लैश होते ही आस-पास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। कुछ ही देर में पूरी पुलिस टीम ने जंगल को चारों तरफ से सील कर दिया और कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचते ही बदमाश पूरी तरह घिर गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली चंदन सागर के सीधे पैर में लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत आगे बढ़कर उसे हिरासत में लिया और उसके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद किए।
अस्पताल में कराया गया भर्ती, गोली पैर के आर-पार
मुठभेड़ में घायल बदमाश को तुरंत रामनगर के रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर तौहीद ने बताया कि युवक के दाहिने पैर में गोली लगी थी, जो पैर को पार करते हुए निकल गई। प्राथमिक उपचार और घाव की ड्रेसिंग के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल से डिस्चार्ज मिलते ही पुलिस उसे अपनी कस्टडी में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
हत्या समेत 15 से अधिक संगीन मामले दर्ज
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने इस एनकाउंटर की पुष्टि करते हुए बताया कि चंदन सागर एक दुस्साहसिक और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट जैसे करीब 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा, आरोपी के खिलाफ पहले भी गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा चुकी है। रामनगर क्षेत्र में हाल ही में हुई एक अन्य आपराधिक वारदात में भी वह मुख्य आरोपी था और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति जारी
इस मुठभेड़ के बाद नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। कानून हाथ में लेने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।