नई दिल्ली:भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। संगठन में बड़े फेरबदल और आगामी राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इस नई टीम का गठन किया गया है। केंद्रीय कार्यालय से जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, इस नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री, 16 राष्ट्रीय मंत्री और 7 मोर्चा अध्यक्षों समेत संगठन के अलग-अलग विभागों में नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
उत्तराखंड के नेताओं का बढ़ा कद
नितिन नवीन की इस नई टीम में देवभूमि उत्तराखंड का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। राज्य से 4 प्रमुख नेताओं को केंद्रीय संगठन में बड़ी जगह मिली है:
- तीरथ सिंह रावत: राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
- अनिल बलूनी: राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक (Media Incharge) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- आलोक भट्ट: सोशल मीडिया की कमान संभालते हुए आलोक भट्ट को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
- महेंद्र पांडे: पार्टी संगठन में प्रशासनिक काम संभालने के लिए महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्षों और महामंत्रियों की सूची
नितिन नवीन की टीम में 13 उपाध्यक्ष शामिल किए गए हैं। इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया (राजस्थान), तीरथ सिंह रावत (उत्तराखंड), राम माधव (दिल्ली), बैजयंत जय पांडा (ओडिशा), डी. पुरंदेश्वरी (आंध्र प्रदेश), रेखा वर्मा (उत्तर प्रदेश), वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी (गुजरात), डॉ. भारती प्रवीण पवार (महाराष्ट्र), मनप्रीत सिंह बादल (पंजाब), लाल सिंह आर्य (मध्य प्रदेश), प्रो. एम. नागराज (कर्नाटक), प्रो. तारिक मंसूर (उत्तर प्रदेश) और डॉ. मधुचंद्र कर (पश्चिम बंगाल) के नाम शामिल हैं।
संगठन के कामकाज को गति देने के लिए 8 राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। इनमें विनोद तावड़े (महाराष्ट्र), सुनील बंसल (दिल्ली), बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा), स्मृति ईरानी (उत्तर प्रदेश), डॉ. सतीश पूनिया (राजस्थान), गजेंद्र पटेल (मध्य प्रदेश), हरीश द्विवेदी (उत्तर प्रदेश) और संजय भाटिया (हरियाणा) शामिल हैं।
इसके अलावा, बी.एल. संतोष (दिल्ली) को पुनः राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) का दायित्व सौंपा गया है, जबकि शिवप्रकाश (मुंबई) और सौदान सिंह (चंडीगढ़) को राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
मुस्लिम चेहरों और मोर्चों के अध्यक्षों पर भरोसा
इस नई टीम में संतुलित सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। टीम में 2 प्रमुख मुस्लिम चेहरे भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद दिया गया है, वहीं उत्तर प्रदेश के ही कुंवर बासित अली को बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अन्य मोर्चा अध्यक्षों की बात करें तो:
- युवा मोर्चा: डॉ. हेमांग जोशी (गुजरात)
- महिला मोर्चा: रूप कुमारी चौधरी (छत्तीसगढ़)
- ओबीसी मोर्चा: अमरपाल मौर्य (उत्तर प्रदेश)
- किसान मोर्चा: बंसीलाल गुर्जर (मध्य प्रदेश)
- एससी मोर्चा: शिवेश कुमार राम (बिहार)
- एसटी मोर्चा: डॉ. मन्नालाल रावत (राजस्थान)
अन्य प्रमुख नियुक्तियां
पार्टी के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों के लिए पीयूष गोयल (महाराष्ट्र) को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल (राजस्थान) को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। तरुण चुघ (पंजाब) को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उत्तर-पूर्व राज्यों के समन्वय के लिए डॉ. संबित पात्रा (ओडिशा) को नॉर्थ ईस्ट संयोजक और राजीव बब्बर (दिल्ली) को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। प्रकोष्ठ संकुल संयोजक के रूप में विष्णु दत्त शर्मा (मध्य प्रदेश) और सह-संयोजक के रूप में ऋतुराज सिन्हा (बिहार) एवं विष्णु वर्धन रेड्डी (आंध्र प्रदेश) को टीम में जगह मिली है।
मीडिया और सोशल मीडिया टीम को भी मजबूत किया गया है। मीडिया सह-संयोजकों में आशीष उषा अग्रवाल (मध्य प्रदेश), प्रदीप भंडारी (दिल्ली) और सिद्धार्थ यादव (दिल्ली) शामिल हैं। वहीं सोशल मीडिया संयोजक दीपक म्हस्के (छत्तीसगढ़) होंगे, जिनके साथ प्रीति गांधी (महाराष्ट्र), शिवानंद द्विवेदी (दिल्ली), आलोक भट्ट (उत्तराखंड) और अरुण यादव (हरियाणा) सह-संयोजक के रूप में कार्य करेंगे।