उत्तराखंड में विकास की रफ़्तार: पुष्कर सिंह धामी ने दी ₹257 करोड़ की योजनाओं को हरी झंडी

देहरादून:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के सड़क सुधारीकरण कार्यों के साथ ही विभिन्न स्थानीय निकायों के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों, जल उपचार संयंत्रों की स्थापना, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण आदि के लिए कुल ₹257 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

पुष्कर सिंह धामी ने जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र जागेश्वर के अन्तर्गत मोरनौला जैती मोटर मार्ग का डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु ₹4.26 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र भीमताल में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 87 पर कोठगोदाम बाईपास मोटर रोड के निर्माण हेतु ₹4.70 करोड़, जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के विकासखण्ड कोट में व्यासघाट से ग्राम सिल्सू मोटर मार्ग के पुनः निर्माण हेतु ₹3.86 करोड़, जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र मसूरी के अन्तर्गत देहरादून-किमाड़ी-लम्बीधार-कार्ट मेकेन्जी कम्पनी गार्डन मोटर मार्ग के सुधारीकरण और चौड़ीकरण हेतु ₹14.55 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।

मुख्यमंत्री ने 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2024-25 की द्वितीय किश्त हेतु ₹58.37 करोड़ और 8 नगर निकायों में ‘देवभूमि रजत जयंती पार्क‘ के निर्माण हेतु ₹5.65 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। साथ ही, जिला पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2025-26 की चतुर्थ त्रैमासिक किश्त ₹79.09 करोड़ और शहरी स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों हेतु ₹81.57 करोड़ का अनुमोदन दिया है।

पौड़ी गढ़वाल के चिनवाड़ी डांडा में 1.53 एमएलडी जल उपचार संयंत्र के लिए ₹3.72 करोड़ और कोटद्वार में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण हेतु ₹79.68 लाख अवमुक्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान राशि के तहत प्रेमलता वर्मा (पत्नी स्व. सुरेन्द्र मोहन वर्मा) को ₹20,000 प्रतिमाह पेंशन देने का भी अनुमोदन किया है।

कुम्भ और अन्य योजनाएं: आगामी कुम्भ मेला-2027 की अवस्थापना सुविधाओं के लिए पुष्कर सिंह धामी ने ₹90.36 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त, अल्मोड़ा में आपदा प्रभावितों के लिए ₹4 लाख, उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना हेतु ₹3.47 करोड़ और दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा की निःशुल्क कोचिंग हेतु ₹19.75 लाख की धनराशि को मंजूरी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *