👉 Live IPL Score 👇

';

मानवता पर हमला है ईरान पर सैन्य कार्रवाई, एकजुट हो दुनिया: महिला मंच


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पूछड़ी में गूंजी युद्ध विरोधी हुंकार, महिलाओं ने घरेलू हिंसा और कम वेतन पर भी घेरा

रामनगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला मंच ‘एकता मंच’ द्वारा ग्राम पूछड़ी में आयोजित एक विशाल युद्ध विरोधी सभा में महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। सभा में उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में ईरान पर इज़राइल और अमेरिका द्वारा किए गए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता पर प्रहार करार दिया। वक्ताओं ने वैश्विक शांति के लिए दुनिया भर की जनता से एकजुट होने का आह्वान किया।

‘घर के भीतर और बाहर, कहीं सुरक्षित नहीं नारी’

​कार्यक्रम का आगाज़ करते हुए सरस्वती जोशी ने महिलाओं को दिवस की शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही कड़वी सच्चाई भी उजागर की। उन्होंने कहा, “आज महिलाएं न घर के भीतर सुरक्षित हैं और न बाहर। 70 प्रतिशत से अधिक महिलाएं घरेलू हिंसा की शिकार हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वयं महिलाओं की सबसे बड़ी शोषक बनी हुई है, जो भोजन माता, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों को न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा देने से कतरा रही है।

साम्राज्यवादी लूट और अमेरिकी नीतियों पर कड़ा प्रहार

​समाजवादी लोक मंच के संयोजक मुनीष कुमार ने वैश्विक राजनीति पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अमेरिका और इज़राइल का निशाना परमाणु हथियार नहीं, बल्कि ईरान के प्राकृतिक संसाधन और कच्चा तेल है। उन्होंने याद दिलाया कि 2003 में इराक के साथ भी यही खेल खेला गया था।

मुनीष कुमार ने भारत सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, “अमेरिका द्वारा भारत को रूस से तेल खरीदने के संबंध में निर्देश देना हमारी संप्रभुता का अपमान है। जब तक पूंजीवाद और साम्राज्यवादी लूट रहेगी, युद्ध का यह खूनी सिलसिला थमेगा नहीं।”

बुलडोजर कार्रवाई और विस्थापन का उठा मुद्दा

​स्थानीय मुद्दों को हवा देते हुए कौशल्या ने कहा कि देश की मेहनतकश जनता अपनी ही चुनी हुई सरकार के दमन का सामना कर रही है। उन्होंने 7 दिसंबर को भाजपा सरकार द्वारा चलाए गए बुलडोजर और सैकड़ों लोगों के बेघर होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

क्रांतिकारी गीतों से भरा जोश, अगला पड़ाव मालधन

​सभा के दौरान महिलाओं ने जोश भरे क्रांतिकारी गीत गाकर अपने हक की आवाज़ बुलंद की। कार्यक्रम को अनुकृति, गिरीश चंद्र, माया नेगी, विद्यावती शाह, अनिता सैनी, तृषा मेहता, किरन आर्या, रमेश आर्य और ऊर्बादत नैनवाल ने भी संबोधित किया।

विशेष सूचना: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पखवाड़े के तहत अगली युद्ध विरोधी सभा 11 मार्च को मालधन चंद्रनगर नंबर 1 में सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *