उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: अगले 3 दिन भारी ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों में अगले तीन दिनों तक मौसम का कड़ा रुख देखने को मिल सकता है। विभाग ने विशेष रूप से 7 और 8 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
7 अप्रैल को इन जिलों में रहेगा ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार (7 अप्रैल) को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

8 अप्रैल को मैदानी और पर्वतीय जिलों में चेतावनी
बुधवार (8 अप्रैल) को मौसम का मिजाज और भी सख्त हो सकता है। इस दिन देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ओलावृष्टि और तेज अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष जनपदों में भी येलो अलर्ट के तहत सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

9 अप्रैल से मिलेगी राहत
9 अप्रैल को मौसम का प्रभाव थोड़ा कम होगा, हालांकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बिजली और हवाओं का दौर जारी रह सकता है। 10 अप्रैल से प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया गया है।
