हल्द्वानी में पत्रकारों का आक्रोश: संजय पाठक के समर्थन में सौंपा ज्ञापन, झूठे मुकदमों की जांच की मांग


नैनीताल।हल्द्वानी में जनहित से जुड़े समाचार के प्रकाशन के बाद वरिष्ठ पत्रकार संजय पाठक के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमों और उत्पीड़न को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इस मामले को गंभीर मानते हुए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि 28 मार्च को प्रकाशित अतिक्रमण एवं मार्ग अवरोध से संबंधित एक जनहित समाचार के बाद माउंट लीटेरा जी स्कूल के संचालक गिरजेश पांडे द्वारा पत्रकार को निशाना बनाते हुए प्रतिशोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। आरोप है कि बार-बार विधिक नोटिस भेजने, न्यायालय में वाद दायर करने और कोतवाली में झूठे आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मानसिक एवं कानूनी दबाव बनाया जा रहा है।

पत्रकारों ने इसे स्वतंत्र पत्रकारिता पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और झूठे मुकदमों को निरस्त किया जाए।

साथ ही पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में संजय पाठक के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की मानी जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ज्ञापन सौंपने वालों में राहुल सिंह दर्मवाल, गुरमीत सिंह, अजय सिंह चौहान, नीरू भल्ला, सुशील भट्ट, गिरीश भट्ट, एडवोकेट मोहन कांडपाल, गोविंद सिंह घसियाल, अशोक सिंह बोहरा, शाहवेज खान, गोविंद बिष्ट, उदयवीर सिंह, रेहान खान, अमित कुमार चौधरी, नाजिम खान, कुणाल अरोरा, आशुतोष कोकिला, सचिन जोशी, मिथुन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *