ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा: तोताघाटी के पास 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक घायल, युवती लापता


देवप्रयाग: उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह देवप्रयाग क्षेत्र के पास स्थित खतरनाक जोन ‘तोताघाटी’ में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में दिल्ली निवासी दो लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, 108 आपातकालीन सेवा और व्यासी से SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

400 मीटर गहरी खाई में उतरी रेस्क्यू टीम

घटना की जानकारी मिलते ही SDRF इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कार इतनी गहराई में गिरी थी कि रेस्क्यू टीम को रस्सी के सहारे नीचे तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। खाई में पहुंचने पर टीम को टाटा टियागो वाहन (DL 11 CD 3154) क्षतिग्रस्त हालत में मिला। वाहन के पास ही एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ था, जिसे टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

एक युवती अभी भी लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय अनीश पुत्र संदीप, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के दौरान अनीश ने बताया कि कार में उसके साथ 20 वर्षीय सोहनी (निवासी दिल्ली) भी सवार थी। हादसे के बाद से सोहनी का कोई पता नहीं चल सका है। अंदेशा जताया जा रहा है कि वाहन के पलटते समय वह कहीं छिटक गई होगी या नीचे नदी की ओर बह गई होगी। फिलहाल पुलिस और SDRF की टीमें लापता युवती की तलाश में गहरी खाई और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

तोताघाटी बना ‘डेथ जोन’

ऋषिकेश से देवप्रयाग के बीच स्थित तोताघाटी का यह हिस्सा बेहद खतरनाक माना जाता है। यहां सड़क की बनावट और गहरी खाई के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। पहाड़ी रास्तों पर सुबह के वक्त विजिबिलिटी और तेज रफ्तार दुर्घटना का कारण बन सकती है। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और यात्रियों से अपील की है कि वे पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें। समाचार लिखे जाने तक लापता युवती का सुराग नहीं मिल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *