रामनगर (उत्तराखंड)। रामनगर कोतवाली क्षेत्र में एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ट्रांसपोर्ट नगर में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर एक युवक ने जब आरोपी का पीछा किया, तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहूलुहान अवस्था में पीड़ित को छोड़कर हमलावर गाड़ी की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, टेड़ा रोड (रामनगर) निवासी हरीश अधिकारी उर्फ गोलू के भाई गोपाल अधिकारी 17 सितंबर की सुबह तड़के तक घर नहीं पहुंचे थे। सुबह करीब 4:19 बजे जब उनकी भाभी बबीता अधिकारी ने गोपाल को फोन किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद सुबह 4:26 बजे जब दोबारा संपर्क हुआ, तो गोपाल ने बदहवास हालत में रोते हुए कहा— “मुझे बचा लो! मैं बालाजी मंदिर के पास सड़क किनारे घायल पड़ा हूँ, किसी ने मुझे बहुत बुरी तरह से मार दिया है।’
सूचना मिलते ही परिवार के लोग तुरंत बाइक से मौके पर पहुंचे। वहां गोपाल अधिकारी लहुलुहान और बेहोशी की हालत में मिले। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें काशीपुर के सहोता अस्पताल में भर्ती कराया।
संदिग्ध का पीछा करने पर हुआ हमला
अस्पताल में होश आने पर पीड़ित गोपाल अधिकारी ने परिजनों को आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट नगर में गाड़ियों का काम देखने गए थे, जहां उन्हें हाथ में बड़ा थैला लिए एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। करीब जाकर देखने पर उन्होंने उस व्यक्ति की पहचान क्यारी निवासी गोपाल सिंह मेहरा के रूप में की।
जब गोपाल अधिकारी ने उससे वहां होने का कारण पूछा, तो आरोपी घबराकर भागने लगा। गोपाल ने अपनी गाड़ी से उसका पीछा बालाजी मंदिर तक किया। लेकिन जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी, आरोपी गोपाल सिंह मेहरा ने ईंट उठाकर उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।
गाड़ी में की तोड़फोड़, मरा समझकर भागा आरोपी
आरोपी ने एक के बाद एक सिर पर कई ताबड़तोड़ वार किए, जिससे गोपाल के सिर से खून के फव्वारे छूट पड़े। दरिंदगी यहीं नहीं थमी, आरोपी ने पीड़ित की गाड़ी (UK 06 AW 7879) में भी जमकर तोड़फोड़ की और चाबी निकालकर गोपाल को मरा हुआ समझकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया।
पुलिस में शिकायत दर्ज, न्याय की गुहार
घटना के बाद से घायल गोपाल अधिकारी की हालत बेहद नाजुक है और वह आईसीयू में भर्ती हैं। परिजनों का पूरा ध्यान मरीज की जान बचाने में लगा हुआ था, जिसके कारण पुलिस को तहरीर देने में थोड़ी देरी हुई। अब पीड़ित परिवार ने रामनगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी गोपाल सिंह मेहरा के खिलाफ नामजद तहरीर सौंप दी है और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।