देहरादून पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: लूट के बाद पुलिस पर फायरिंग, एक बदमाश ढेर, थाना प्रभारी और पीड़ित घायल


देहरादून: राजधानी देहरादून के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच रोंगटे खड़े कर देने वाली मुठभेड़ हुई। इस गोलीबारी में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया है, जबकि अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहे। इस दुस्साहसिक घटना में बदमाशों की गोली लगने से थाना प्रभारी (एसओ) प्रेमनगर नरेश राठौर और लूट का शिकार हुआ पीड़ित देवराज गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घटना का क्रम: बंदूक की नोक पर 2 लाख की लूट

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 और 30 अप्रैल की मध्य रात्रि को थाना प्रेमनगर पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि अज्ञात बदमाशों द्वारा एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर नरेश राठौर पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

​घटनास्थल पर पीड़ित/घायल देवराज मिला, जिसने बताया कि गुजरात नंबर की एक काले रंग की कार में सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे एक नीले रंग का बैग छीन लिया, जिसमें 2 लाख रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की तरफ फरार हो गए।

जंगल में पुलिस से आमना-सामना

​घायल पीड़ित को साथ लेकर पुलिस ने तत्काल बदमाशों का पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर जंगल के रास्ते में वही संदिग्ध काले रंग की कार दिखाई दी। पुलिस को करीब आता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग झोंक दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भागने लगे।

​अपनी जान की परवाह न करते हुए पुलिस टीम ने उनका पीछा जारी रखा, जिस पर बदमाशों ने फिर से फायर किया। इस दौरान बदमाशों की एक गोली सीधा थाना प्रभारी नरेश राठौर को लग गई। आत्मरक्षा और अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश मौके पर ही घायल होकर गिर गया, जबकि उसके साथी घने अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले।

उपचार के दौरान बदमाश की मौत

​पुलिस ने तत्काल घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और घायल थाना प्रभारी नरेश राठौर को प्राथमिक चिकित्सालय प्रेमनगर पहुँचाया। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। घायल बदमाश को कोरोनेशन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मारे गए बदमाश की शिनाख्त और उसके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

एसएसपी ने लिया जायजा, नाकाबंदी जारी

​घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी तत्काल मौके पर और फिर अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने घायल थाना प्रभारी और पीड़ित का हाल चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

​वर्तमान में पूरे देहरादून जनपद में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स, बॉर्डर चेकपोस्ट और बैरियर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *