देहरादून:उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बहुचर्चित अजय बटेजा हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। राजपुर थाना पुलिस ने मामले में पिछले एक साल से फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह साफ हो चुका है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड को किसी बाहरी रंजिश में नहीं, बल्कि खुद मृतक के सौतेले भाई ने संपत्ति विवाद (Property Dispute) के चलते अंजाम दिलवाया था। भाई की हत्या के लिए बकायदा उत्तर प्रदेश के एक कुख्यात शार्प शूटर को सुपारी दी गई थी।
कृष्णा विहार कॉलोनी में हुई थी हत्या, सौतेला भाई निकला मास्टरमाइंड
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 26 मई 2025 को जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने राजपुर थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में कहा गया था कि जाखन स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी में उनके भाई अजय बटेजा की कुछ अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सर्विलांस का सहारा लिया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी इस वारदात में शामिल था। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी जैकी को मुजफ्फरनगर से दबोच लिया। जैकी से कड़ाई से पूछताछ के बाद ही इस पूरे हत्याकांड की परतें खुलीं और उसकी महिला मित्र व अन्य सहयोगियों के नाम सामने आए।
शार्प शूटर की प्रेमिका चढ़ी पुलिस के हत्थे
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य शूटर राजन उर्फ जैकी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, उसकी महिला मित्र और इस साजिश में शामिल हुमेंरा उर्फ जोया लगातार फरार चल रही थी, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अब पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इनामी महिला आरोपी हुमेंरा उर्फ जोया को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार और मृतक का सौतेला भाई अमित भटेजा अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।