चम्पावत।उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर एक बार फिर रफ्तार और ढलान का कहर देखने को मिला है। खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार चंपावत जिले के बनलेख क्षेत्र में अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा समाई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन के परख्चचे उड़ गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
शाम ढलते ही पसरा सन्नाटा, खाई से गूंजी चीख-पुकार
मंगलवार शाम के वक्त खटीमा-पिथौरागढ़ मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था। तभी बनलेख के तीखे मोड़ के पास अचानक चालक का कार से नियंत्रण छूट गया। बेकाबू हुई कार हवा में उछलते हुए सीधे 150 मीटर गहरी अथााह खाई में जा गिरी। कार गिरने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय निवासी चौंक गए और बिना समय गंवाए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
हादसे की सूचना तुरंत 112 आपातकालीन सेवा और चंपावत कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस बल कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गया।
खड़ी पहाड़ी पर युद्धस्तर पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटनास्थल का मंजर बेहद खौफनाक था। अंधकार और खड़ी पहाड़ी की दुर्गम चढ़ाई के बीच राहत कार्य चलाना एक बड़ी चुनौती थी। इसके बावजूद पुलिस जवानों और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बिना डरे खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत और सूझबूझ से कार में फंसे सभी चार लोगों को एक-एक कर खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी पीड़ितों को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल चंपावत भेजा गया।
एक को मृत घोषित किया, गंभीर घायल हल्द्वानी रेफर
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद एक यात्री को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल दो अन्य व्यक्तियों का इलाज जिला अस्पताल चंपावत में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
तीसरे घायल व्यक्ति की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया है। राहत की बात यह रही कि पुलिस और एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई के चलते घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार सख्त, मजिस्ट्रियल जांच के दिए आदेश
बनलेख सड़क हादसे को गंभीरता से लेते हुए चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिलाधिकारी ने एसडीएम चंपावत को इस पूरे मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जांच अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दुर्घटना के मूल कारणों, तकनीकी खामियों और परिस्थितियों की बारीक पड़ताल कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट (आख्या) जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस जांच का मुख्य उद्देश्य हादसों के वास्तविक कारणों का पता लगाकर ऐसे सुधारात्मक कदम उठाना है, जिससे भविष्य में पहाड़ी सड़कों पर ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
पहाड़ी रास्तों पर ड्राइविंग को लेकर पुलिस की सख्त चेतावनी
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए चंपावत पुलिस ने वाहन चालकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने अपील की है कि:
- पहाड़ी रास्तों, तीखे मोड़ों और ढलानों पर वाहनों की गति को नियंत्रित रखें।
- खराब मौसम, कोहरे या रात के समय ड्राइविंग करते समय अत्यधिक सतर्कता बरतें।
- ओवरटेकिंग से बचें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
- किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में तुरंत 112 डायल कर त्वरित पुलिस व मेडिकल सहायता प्राप्त करें।