देहरादून में दर्दनाक हादसा: दहेज और मानसिक प्रताड़ना के बाद नवविवाहिता शिक्षिका की संदिग्ध मौत, सचिवालयकर्मी पति, सास और ननद पर मुकदमा
देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। हर्रावाला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका सृष्टि कंडारी पेशे से एक सरकारी शिक्षिका थीं। घटना के बाद मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ हत्या व दहेज उत्पीड़न की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवंबर 2025 में हुई थी शादी, मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी दिल्ली फार्म निवासी सौरभ रतूड़ी से हुई थी। जहां एक तरफ सृष्टि सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं, वहीं सौरभ सचिवालय में बड़े पद पर कार्यरत है। मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य कारणों से मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।
मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वाले बात-बात पर सृष्टि का अपमान करते थे और ताने देते थे। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि सृष्टि को लगातार दबाव में रखा जा रहा था।
मौत की खबर तक नहीं दी गई, परिजनों में भारी रोष
मां सीमा कंडारी ने पुलिस को बताया कि 28 और 29 जुलाई के दौरान सृष्टि से फोन पर कोई संपर्क नहीं हो सका। लगातार फोन न उठने पर चिंता जताते हुए परिजनों ने देहरादून में रहने वाले एक परिचित को सृष्टि के ससुराल भेजा। वहां पहुंचने पर पता चला कि सृष्टि की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उसे अस्पताल ले जाया गया है।
जब परिवार वाले श्रीनगर गढ़वाल से आनन-फानन में देहरादून पहुंचे, तब उन्हें जानकारी मिली कि सृष्टि की मृत्यु हो चुकी है। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने बेटी की मौत की सूचना समय पर देने के बजाय उसे छिपाने की कोशिश की। पूछने पर ससुराल पक्ष की ओर से यह बहाना बनाया गया कि वे व्यस्तता के कारण फोन नहीं कर पाए।
‘मनहूस’ कहकर किया जाता था प्रताड़ित
तहरीर में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शादी के लगभग तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को दिल का दौरा पड़ा था। परिजनों के अनुसार, इसके बाद किसी तांत्रिक या पंडित की सलाह पर ससुराल वालों ने सृष्टि को ‘अपशकुनी’ और ‘मनहूस’ मानना शुरू कर दिया।
सृष्टि को लगातार ताने दिए जाने लगे कि उसके कदम शुभ नहीं हैं। घटना से तीन दिन पहले सृष्टि के ससुर का भी निधन हो गया था, जिसके बाद ससुराल वालों ने प्रताड़ना की सारी हदें पार कर दीं और उस पर मानसिक दबाव और बढ़ा दिया, जिसके चलते यह दुखद घटना घटी।
पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धारा 80 (2) के तहत दर्ज किया केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए डोईवाला पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। डोईवाला सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि मृतका की मां सीमा कंडारी की शिकायत के आधार पर पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीओ वंदना वर्मा ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों (Forensic Evidence) और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और प्रमाण सामने आएंगे, उसी आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।