IND vs ENG 3rd T20: जोफ्रा आर्चर की रफ्तार में उड़ा भारत, इंग्लैंड ने 125 रनों से चटाई धूल; सीरीज में 2-0 की बढ़त
नॉटिंघम:अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का असली रोमांच और दबाव क्या होता है, इसका स्वाद युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और पूरी टीम इंडिया को मंगलवार को चखने को मिला। नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों— जोफ्रा आर्चर और जोश टंग— ने अपनी आग उगलती गेंदों से भारतीय बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम महज 11.4 ओवरों में 76 रनों पर सिमट गई।
रनों के अंतर के लिहाज से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह भारत की अब तक की सबसे करारी और शर्मनाक हार है। इस करारी शिकस्त के साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है, जबकि सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। स्टेडियम में मौजूद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन के मौके पर भारतीय टीम का ऐसा आत्मसमर्पण फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं था।

पावरप्ले में ही खत्म हुआ मैच, आर्चर-टंग का कहर
इंग्लैंड के 201 रनों के जवाब में भारत की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही। इंग्लिश टीम के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (3/29) और जोश टंग (4/28) ने पावरप्ले के अंदर ही इतनी घातक और आक्रामक गेंदबाजी की कि भारतीय बल्लेबाजों के पास उनके बाउंसर्स और गति का कोई जवाब नहीं था। महज 5 ओवर के अंदर भारत ने 52 रन पर अपने 5 प्रमुख विकेट गंवा दिए थे और मैच का नतीजा वहीं साफ हो गया था।
पूरी भारतीय पारी में केवल चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। टीम की बल्लेबाजी में न तो कोई ठोस रणनीति दिखी और न ही पिच पर टिकने का जज्बा। खराब शॉट सिलेक्शन ने जलती पर घी का काम किया।
सूर्यवंशी की ‘फ्लॉप’ आतिशबाजी और फ्लॉप सीनियर
पिछले मैच में सुर्खियां बटोरने वाले युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने इस मैच में भी जोफ्रा आर्चर और जोश टंग को एक-एक छक्का जड़ा, लेकिन उनका यह रोमांच सिर्फ 5 गेंदों तक सीमित रहा। टंग की एक तीखी और सटीक बाउंसर सीधे सूर्यवंशी के दाहिने कंधे पर आई, जिसे हुक करने के प्रयास में वह विकेटकीपर जोस बटलर को कैच दे बैठे। वह सिर्फ 13 रन बना सके।

सूर्यवंशी से पहले अभिषेक शर्मा डीप एक्स्ट्रा कवर पर उसी पुराने अंदाज में कैच आउट हुए, जो उनकी कमजोरी बनता जा रहा है। ईशान किशन ने एक छक्का जरूर लगाया, लेकिन वो भी जल्द पवेलियन लौट गए। कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) आर्चर की गेंद को फ्लिक करने के चक्कर में सीधे एकमात्र डीप फील्डर के हाथों में मार बैठे, जबकि अक्षर पटेल शॉर्ट बॉल की उम्मीद में फुल लेंथ गेंद पर अपना विकेट कीपर को थमा बैठे।
गंभीर के फैसलों पर उठे सवाल: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की यह लगातार पांचवीं हार है। मुख्य कोच गौतम गंभीर की देखरेख में खेल रही यह टीम फिलहाल बिखरी हुई नजर आ रही है। मैच के दौरान शिवम दुबे जैसे सेट बल्लेबाज से पहले नंबर 7 पर हर्षित राणा जैसे हिटर को भेजना समझ से परे रहा, जिसने मैनेजमेंट के फैसलों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिल साल्ट और सैम करन की आतिशबाज़ी से बना बड़ा स्कोर
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत धीमी रही थी। अर्शदीप सिंह ने पहला ओवर मेडन डाला, लेकिन इसके बाद सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने 44 गेंदों में 70 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। साल्ट ने अपनी पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए। कप्तान जोस बटलर (36) ने भी छोटी लेकिन तेज पारी खेली।
मध्यक्रम में हैरी ब्रूक (16) और जैकब बेथेल (13) के सस्ते में आउट होने के बाद, ऑलराउंडर सैम करन ने आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। करन ने मात्र 24 गेंदों में नाबाद 41 रन ठोककर इंग्लैंड के स्कोर को 7 विकेट पर 201 रन तक पहुंचा दिया। इंग्लैंड ने आखिरी 8 ओवरों में धुंधाधार बल्लेबाजी करते हुए 89 रन बटोरे।
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन: पेसर्स चमके, स्पिनर्स फीके
भारत की ओर से दिल्ली के तेज गेंदबाज हर्षित राणा (2/40) और प्रिंस यादव (2/30) ने प्रभावित किया और महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट चटकाए। प्रिंस यादव ने जोस बटलर को एक सटीक यॉर्कर पर बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई थी।
हालांकि, अनुभवी स्पिन जोड़ी इस मैच में पूरी तरह बेअसर साबित हुई। अक्षर पटेल ने अपने 4 ओवरों में 49 रन लुटाए और उन्हें सिर्फ 1 विकेट मिला, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने 3 ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 35 रन खर्च किए। स्पिनरों की इस नाकामी का फायदा उठाकर साल्ट और करन ने मैदान के चारों तरफ रनों की बारिश कर दी, जो अंत में टीम इंडिया पर बहुत भारी पड़ी।