रामनगर (नैनीताल): उत्तराखंड में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला नैनीताल जिले के रामनगर से सामने आया है, जहां देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। अनियंत्रित कार ने एक के बाद एक कई वाहनों और सड़क किनारे बने खोखों (दुकानों) को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रामनगर पुलिस ने कार सवार युवक और युवती को हिरासत में ले लिया है।
तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवारों को उड़ाया
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, देर रात कार संख्या UK19-6895 बेहद तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। कार ने सबसे पहले रामनगर प्राइवेट बस अड्डे के पास एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। स्कूटी पर रेलवे पड़ाव निवासी लक्ष्मी और 27 वर्षीय ऋषभ सवार थे, जो बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इस टक्कर में ऋषभ के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि लक्ष्मी को भी हल्की चोटें आई हैं।
दुकान और बुलेट को भी लिया चपेट में, मचाया तांडव
स्कूटी को टक्कर मारने के बाद भी कार चालक ने ब्रेक नहीं लगाया और वाहन की रफ्तार कम नहीं हुई। इसके बाद बेकाबू कार भवानीगंज स्थित प्राइवेट बस अड्डे के पास सड़क किनारे बने एक खोखे (दुकान) में जा घुसी, जिससे दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। खोखे को टक्कर मारने के बाद कार ने वहां खड़े श्याम सिंह मेहरा की बुलेट मोटरसाइकिल और पास ही स्थित मेहरबान सिंह की बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान बुलेट के पास खड़े श्याम सिंह मेहरा के सिर में भी चोट आई है।
कार सवार युवक-युवती पर नशे में होने का आरोप, महिला ने की अभद्रता
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार को घेर लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रामनगर कोतवाली पुलिस ने कार में सवार युवक और युवती को हिरासत में ले लिया और उन्हें कोतवाली ले आई।
घायलों और पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि कार सवार युवक और युवती दोनों शराब के अत्यधिक नशे में थे और इसी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। पीड़ितों का यह भी कहना है कि हिरासत में लिए जाने के दौरान आरोपी महिला ने लोगों और पुलिस के साथ अभद्रता भी की।
पुलिस की जांच और कार्रवाई शुरू
पुलिस ने रात में ही दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया है ताकि उनके नशे में होने की पुष्टि की जा सके। रामनगर पुलिस के अनुसार, सभी पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने और अन्य साक्ष्यों को खंगालने के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।