हरिद्वार:धर्मनगरी हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र से खून के रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद खौफनाक और घिनौनी वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी पिता पर अपनी ही दो सगी नाबालिग बेटियों के साथ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित बच्चियों की मां ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी पिता को चंद घंटों के भीतर ही सलाखों के पीछे भेज दिया है।
रोंगटे खड़े करने वाली दरिंदगी, मां ने दर्ज कराया मुकदमा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पथरी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ लिखित तहरीर दी। महिला द्वारा दी गई शिकायत में जो आरोप लगाए गए, उन्हें सुनकर पुलिस कर्मियों के भी रोंगटे खड़े हो गए। महिला ने बताया कि उसका पति घर में लगातार पारिवारिक कलह पैदा करता था और विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देता था।
बात सिर्फ मारपीट तक ही सीमित नहीं थी, बल्कि आरोपी की गंदी नजर अपनी ही सगी बेटियों पर थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अपनी ही 15 साल की बड़ी बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया। वह काफी समय से डरा-धमका कर उसके साथ शारीरिक शोषण की वारदात को अंजाम देता आ रहा था। लोक-लाज और डर के कारण बच्चियां और मां इस जुल्म को सहने पर मजबूर थे।
छोटी बेटी पर नजर डाली तो टूट गया मां के सब्र का बांध
आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं थमी। बड़ी बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाने के बाद उसकी नियत अपनी ही 14 साल की छोटी बेटी पर भी खराब हो गई। जब आरोपी ने छोटी बेटी के साथ भी अनुचित व्यवहार करते हुए जबरदस्ती दुष्कर्म करने का प्रयास किया, तो पीड़ित बच्चियों की मां के सब्र का बांध टूट गया। अपनी आंखों के सामने अपनी दोनों मासूम बेटियों की जिंदगी बर्बाद होते देख मां ने समाज और लोक-लाज के डर को पीछे छोड़ दिया। उसने अपने ही पति के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने की ठानी और सीधे पथरी थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी दबोचा
चूंकि मामला नाबालिग बच्चियों के यौन उत्पीड़न और सगे पिता की दरिंदगी से जुड़ा था, इसलिए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया। हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। एसएसपी ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए बिना समय गंवाए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।
पथरी थाना पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर और सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी।
इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी इलाके से भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और घिस्सुपुरा से पथरी जाने वाले मार्ग से आरोपी पिता को दबोच लिया। शिकायत दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति: थाना प्रभारी
इस पूरे मामले में पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर पुलिस बेहद गंभीर है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में केस दर्ज किया जा चुका है और उसे न्यायालय में पेश करने की पूरी तैयारी कर ली गई है। पुलिस इस मामले में पुख्ता साक्ष्य जुटा रही है ताकि कलयुगी पिता को अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जा सके। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में रोष और चर्चाओं का माहौल गर्म है, वहीं लोग पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
